बीजापुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला बीजापुर के पदाधिकारियों ने सांसद महेश कश्यप से मुलाकात की

Chhattisgarh Crimesबीजापुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा, जिला बीजापुर के पदाधिकारियों ने सांसद महेश कश्यप से मुलाकात की। स्थानीय सर्किट हाउस में मोर्चा ने देश के शिक्षा मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर टीईटी, पुरानी पेंशन और पदोन्नति से जुड़ी विभिन्न मांगें रखीं।

जिला सह-संचालक कैलाश रामटेके के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में टीईटी परीक्षा से जुड़ी मांग को प्रमुखता से उठाया गया। मोर्चा ने कहा कि शिक्षा का अधिकार कानून वर्ष 2010 से लागू है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को भी टीईटी उत्तीर्ण करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

30-35 साल से सेवा दे रहे शिक्षकों का मुद्दा

मोर्चा ने तर्क दिया कि किसी भी कानून को उसकी लागू होने की तारीख से प्रभावी माना जाना चाहिए। 30 से 35 वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों पर इस प्रावधान को पूर्व प्रभाव से लागू करना उचित नहीं है।

25 लाख शिक्षकों के हित में अध्यादेश की मांग

मोर्चा ने देशभर के करीब 25 लाख शिक्षकों और उनके परिवारों के भविष्य को देखते हुए संसद में अध्यादेश लाकर कानून में आवश्यक संशोधन करने की मांग की।

पुरानी पेंशन और पदोन्नति की मांग

ज्ञापन में प्रथम नियुक्ति तिथि से पुरानी पेंशन का लाभ देने और सभी प्रशिक्षित शिक्षकों को पदोन्नति के अवसर प्रदान करने की मांग भी रखी गई।

सांसद ने दिया उचित कार्रवाई का आश्वासन

सांसद महेश कश्यप ने शिक्षकों की मांगों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित विषयों पर चर्चा कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।