रामानुजगंज के ग्राम शिवपुर में रविवार सुबह एक नर हाथी के हमले में 69 वर्षीय ग्रामीण इन्द्रनाथ सिंह की मौत

Chhattisgarh Crimesरामानुजगंज के ग्राम शिवपुर में रविवार सुबह एक नर हाथी के हमले में 69 वर्षीय ग्रामीण इन्द्रनाथ सिंह की मौत हो गई। यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे चिरयी हागा जंगल क्षेत्र में हुई, जब इन्द्रनाथ सिंह अपनी भैंसें चराने जंगल गए थे।

वन विभाग के अनुसार, इन्द्रनाथ सिंह पर झारखंड की ओर से आए एक नर हाथी ने हमला किया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। रेंजर दिलरुबा बानो ने बताया कि हाथी शिवपुरी जंगल क्षेत्र में पहुंचा था और उसी दौरान उसने ग्रामीण पर हमला कर दिया।

वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी

वन विभाग ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल भेजवा दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में हाथी की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए निगरानी बढ़ा दी है।

रेंजर की अपील

रेंजर दिलरुबा बानो ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और वन विभाग द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। विभाग लगातार सुबह-शाम प्रचार-प्रसार के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दे रहा है।

इस घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। वहीं, हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत से आसपास के गांवों में भी दहशत फैल गई है।