दुर्ग के उमरपोटी में 14 अगस्त की रात एक नवविवाहिता ने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतिका की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रवीना यादव (23) के रूप में हुई है। रवीना की शादी करीब डेढ़ साल पहले जौनपुर के ही विपुल यादव (27) से हुई थी।
विपुल यादव दुर्ग में अपने चाचा के पास रहकर प्लंबिंग का काम करता था। मायके वालों ने नवविवाहिता की मौत की वजह पति के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को बताया है। आरोपों के मुताबिक घटना से पहले पति की गर्लफ्रेंड उनके घर पहुंची। इसे लेकर दोनों को बीच विवाद हुआ था।
आरोप है कि पति ने पत्नी को कमरे में बंद कर दिया और गर्लफ्रेंड को लेकर बाहर चला गया। पत्नी ने पति को रात में 17 बार कॉल किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। इसके बाद नवविवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई
परिजनों के मुताबिक 14 अगस्त की रात रवीना और उसका पति घर पर मौजूद थे। इसी दौरान पति की प्रेमिका के घर पहुंचने की बात सामने आई। रवीना को इसकी जानकारी होने पर पति से विवाद हुआ। मृतिका के मामा साहब लाल यादव का आरोप है कि विवाद के बाद पति ने रवीना को एक कमरे में बंद कर दिया और कथित प्रेमिका के साथ घर से बाहर चला गया।
रात में 17 बार फोन किया, जवाब नहीं मिला
परिजनों का कहना है कि कमरे में बंद होने के बाद रवीना ने पति से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं। रात करीब 12 बजे से 2 बजे के बीच उसने पति को लगभग 17 बार फोन किया, लेकिन किसी कॉल का जवाब नहीं मिला।
इससे पहले रात करीब 8:30 बजे रवीना ने पति की प्रेमिका को भी फोन किया था। मामा के अनुसार, दोनों के बीच करीब 15 मिनट तक बातचीत हुई। इस दौरान रवीना ने महिला से उसके पति के साथ कथित रिश्ते को लेकर बात की थी। परिजनों का दावा है कि बातचीत के दौरान रवीना ने गुस्से और तनाव में खुद को या पति को कुछ कर लेने जैसी बातें भी कही थीं।