सरगुजा जिले के ग्राम सपड़ा में घर में दंपती की लाश बोरे में बंद मिली। दोनों के सिर में गंभीर चोट के निशान हैं। आशंका है कि दोनों की हत्या बड़े बेटे ने की है, जो घटना के बाद फरार है। उसकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह स्वस्थ नहीं है।
रविवार की रात में मृतक पति-पत्नी अपने बड़े बेटे के साथ पुराने घर में सो रहे थे। सुबह दोनों के शव एक ताला बंद कमरे में मिले। संहेही बेटे का अब तक पता नहीं चल सका है। पुलिस टीमें लगातार उसकी खोजबीन कर रही हैं। मामला धौरपुर थाना क्षेत्र का है।
अब जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, धौरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सपड़ा के परसापारा में हीराधर यादव (55 वर्ष) अपनी पत्नी गुलाबी यादव (50 वर्ष) और बड़े बेटे जदू यादव (34 वर्ष) के साथ पुराने घर में रहते थे। उनका छोटा बेटा मोहन अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव में ही दूसरे घर में रहता है।
सोमवार सुबह मोहन दूध लेने पुराने घर पहुंचा, लेकिन घर के दोनों दरवाजे बाहर से बंद मिले। उनमें सांकल लगी हुई थी। उसने घर में काम करने वाले नौकर सुकृत नागेश के साथ आसपास व खेतों में भी खोजबीन की, लेकिन माता-पिता और बड़े भाई कहीं नहीं मिले।
मोहन यादव व नौकर सुकृत नागेश ने घर की सांकल खोली और अंदर खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चला। घर के एक कमरे में ताला लगा हुआ था। जब उन्होंने ताला तोड़ा तो अंदर का मंजर देखकर वे सहम गए।
बोरे में बांधकर रखा गए थे शव
बंद अंदर फर्श पर खून फैला हुआ था और खून से सने दो बोरों में बंधे हुए दंपती के शव मिले। दोनों ने तुरंत इसकी जानकारी धौरपुर पुलिस को दी।
धौरपुर पुलिस टीम के साथ एसडीओपी तूल सिंह पट्टावी मौके पर पहुंचे। अंबिकापुर से फॉरेंसिक एक्सपर्ट प्रभात भगत भी अपनी टीम ने घटनास्थल एवं शवों की जांच की।
दोनों के सिर पर फरसा या टांगी से हमला किए जाने के गहरे घाव मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, सिर में गंभीर चोट और ज्यादा खून बहने से दोनों की मौत हुई। आशंका है कि हत्या के बाद शवों को छिपाने या ठिकाने लगाने के लिए बोरों में बंद किया गया था।
बड़ा बेटा फरार, उसी पर हत्या का शक
घटना के बाद दंपती का बड़ा बेटा जदू यादव फरार है। आशंका है कि उसने ही अपने माता-पिता की हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था।
मोहन यादव ने बताया कि जदूू यादव की शादी नहीं हुई है। उसकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह से ठीक नहीं है। वह लंबे समय से अपने माता-पिता के साथ रह रहा था। पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही है।
धौरपुर SDOP तूल सिंह पट्टावी ने बताया कि पुलिस जदू यादव की खोजबीन में जुटी है। उसका अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस ने रिश्तेदारों के घर भी खोजबीन की। उसके पास के जंगलों में छिपे होने की आशंका पर भी जांच की जा रही है।