बालोद जिले के डौंडी क्षेत्र में दोना-पत्तल मशीन देने के नाम पर 3 महिला स्व-सहायता समूहों से 3.89 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesबालोद जिले के डौंडी क्षेत्र में दोना-पत्तल मशीन देने के नाम पर 3 महिला स्व-सहायता समूहों से 3.89 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने समूहों से रकम लेने के बाद न तो मशीन उपलब्ध कराई और न ही पैसे वापस किए थे।

पुलिस के अनुसार, ग्राम औराटोला में प्रेरणा स्व-सहायता समूह, जय मां स्व-सहायता समूह और जय बुढ़ादेव स्व-सहायता समूह संचालित हैं। इन तीनों समूहों के सदस्यों ने ग्राम कामता की हेमिन भुआर्य की मदद से दोना-पत्तल मशीन खरीदने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा, नर्राटोला शाखा से कुल 3 लाख 89 हजार रुपए का ऋण लिया था।

समूहों ने यह रकम 3 दिसंबर 2025 को खल्लारी निवासी खेमेन्द्र कुमार सेन को मशीन उपलब्ध कराने के लिए दी थी। डौंडी पुलिस ने इस मामले में गुंडरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम खल्लारी निवासी 33 वर्षीय खेमेन्द्र कुमार सेन को गिरफ्तार किया। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

मशीन नहीं दी, पैसे मांगने पर करता रहा टालमटोल

शिकायत के अनुसार रकम लेने के बाद आरोपी ने काफी समय बीत जाने के बावजूद दोना-पत्तल मशीन उपलब्ध नहीं कराई। जब समूह की महिलाओं ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद समूह की ओर से डौंडी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ में अपराध स्वीकार किया

डौंडी थाना प्रभारी उमा ठाकुर ने बताया कि आरोपी की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे 23 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट जारी होने के बाद आरोपी को जिला जेल बालोद भेज दिया गया।