बीजापुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से लापता हुई एक बच्ची को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी। लगातार बारिश और खराब मौसम के बावजूद पुलिस टीमों ने सर्च ऑपरेशन जारी रखा।
पुलिस के मुताबिक, 22 अगस्त को सुबह करीब 8 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच गैस गोदाम के पीछे के इलाके से बालिका लापता हुई थी। देर रात परिजनों ने कोतवाली थाने पहुंचकर इसकी सूचना दी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की।
4 टीमों ने अलग-अलग इलाकों में की तलाश
बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने बालिका को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने के निर्देश दिए। इसके बाद कोतवाली पुलिस की चार अलग-अलग टीमें बनाई गईं। पुलिस टीमों ने संभावित स्थानों पर तलाश शुरू की और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई।
मूसलाधार बारिश के बीच जारी रही तलाश
बीजापुर में लगातार मूसलाधार बारिश और खराब मौसम के बावजूद पुलिसकर्मियों ने सर्च ऑपरेशन नहीं रोका। टीमों ने आपसी समन्वय के साथ बालिका की तलाश जारी रखी।
23 अगस्त को मिली बालिका
पुलिस को 23 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। बालिका के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। पुलिस के अनुसार, मामले में नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।