भिलाई के सुपेला में मकान बेचने का सौदा करने के बाद खरीदारों से 50 लाख रुपए लेने और उसी मकान को बाद में किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इन्द्रजीत सिंह (41) ने मकान की कीमत 55 लाख रुपए तय की थी।
सौदा तय होने के दो दिन के भीतर खरीदारों ने 9 चेक के जरिए आरोपी को 50 लाख रुपए दे दिए। इसके बाद स्टांप पेपर पर मकान बेचने का इकरारनामा भी कराया गया। करीब डेढ़ साल बाद आरोपी ने इसी मकान को दूसरे व्यक्ति को 44.26 लाख रुपए में बेच दिया। इसके बाद खरीदारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र के जवाहर नगर आवासीय योजना के प्लॉट नंबर 08, ब्लॉक नंबर 23 का है। सुंदर लाल पटेल, श्रीनिवास मिश्रा, छत्रपति सिंह और शिवशंकर यादव ने पुलिस से शिकायत की थी। शिकायत के अनुसार 26 नवंबर 2024 को इन्द्रजीत सिंह के साथ मकान का सौदा 55 लाख रुपए में तय हुआ था।
दो दिन में 9 चेक से दिए 50 लाख
सौदा तय होने के बाद खरीदारों ने 26 और 27 नवंबर को कुल 9 चेक के जरिए आरोपी को 50 लाख रुपए दे दिए। यानी 55 लाख रुपए के सौदे में सिर्फ 5 लाख रुपए बाकी थे। इसके बाद 28 नवंबर को 50 रुपए के स्टांप पेपर पर मकान बेचने का नोटरीकृत इकरारनामा भी तैयार किया गया।
इसके बावजूद मकान खरीदारों के नाम नहीं हुआ। बल्कि 17 अप्रैल 2026 को आरोपी ने उसी मकान को विशाल सिंह नाम के व्यक्ति को 44 लाख 26 हजार रुपए में बेच दिया।
50 लाख लेकर मकान दूसरे को बेचा
पुलिस ने लेनदेन और दस्तावेजों को जांच में शामिल किया है। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 3 अक्टूबर 2025 को मूल विक्रय दस्तावेज गुम होने की रिपोर्ट छावनी थाने में दर्ज कराई थी। सुपेला पुलिस ने शिकायतकर्ताओं के बयान दर्ज किए और मकान का निरीक्षण किया।
उनके पास मौजूद मूल इकरारनामा और भुगतान से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने खरीदारों से 50 लाख रुपए लेने और बाद में मकान किसी दूसरे व्यक्ति को बेचने की बात स्वीकार की।
मकान के पैसे फैक्ट्री में लगाए
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि खरीदारों से मिली रकम उसने हथखोज स्थित अपनी लोहे के बोल्ट और कील बनाने की फैक्ट्री में लगा दी थी। दस्तावेजों, भुगतान और अन्य तथ्यों की जांच के बाद पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने की बात कही। इसके आधार पर इन्द्रजीत सिंह (41), निवासी कैलाश नगर, जामुल को गिरफ्तार किया गया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।