नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई बाढ़ में अंबिकापुर के वरिष्ठ भाजपा नेता करता राम गुप्ता की बेटी डॉ. मीना गुप्ता लापता हो गई हैं। हादसे के समय वह अपनी टीम के साथ नेपाल-तिब्बत सीमा स्थित इमीग्रेशन सेंटर में थीं। डॉ. मीना के साथ उनके दल के सभी 80 लोग भी लापता बताए जा रहे हैं। यह दल कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गया था।
डॉ. मीना गुप्ता वर्तमान में इंग्लैंड के टोकरी में स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में कार्यरत थीं। वह 14 अगस्त को मानसरोवर यात्रा के लिए दिल्ली पहुंची थीं। इसके बाद एक आध्यात्मिक गुरु के साथ करीब 80 लोगों का दल दिल्ली से काठमांडू रवाना हुआ था। 23 अगस्त को दल ने कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर ली थी।
इमीग्रेशन सेंटर से पूरा दल लापता
25 अगस्त को दल के सदस्य नेपाल-तिब्बत सीमा पर स्थित इमीग्रेशन सेंटर में औपचारिकताएं पूरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान पूरा इमीग्रेशन सेंटर बाढ़ की चपेट में आ गया। हादसे के बाद डॉ. मीना गुप्ता सहित दल में शामिल सभी 80 लोग लापता हो गए।
पिता को भी साथ चलने को कहा था
डॉ. मीना गुप्ता ने अपने पिता करता राम गुप्ता को भी कैलाश मानसरोवर यात्रा पर साथ चलने के लिए कहा था, लेकिन व्यस्तता के कारण उन्होंने जाने से इनकार कर दिया। रक्षाबंधन पर बेटी से दिल्ली में मुलाकात करने के इरादे से करता राम गुप्ता भी दिल्ली गए थे, लेकिन इससे पहले ही उन्हें हादसे की सूचना मिल गई।
होलीक्रॉस स्कूल से हुई प्रारंभिक पढ़ाई
डॉ. मीना गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा अंबिकापुर के होलीक्रॉस स्कूल से हुई है। चिकित्सक बनने के बाद से वह इंग्लैंड में रहकर स्किन स्पेशलिस्ट के रूप में काम कर रही हैं। वह छत्तीसगढ़ की उन यात्रियों में शामिल हैं, जो इस त्रासदी के बाद लापता हैं।
मंत्री ने केंद्र से संपर्क कर मदद का दिया भरोसा
पर्यटन और संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल केंद्र सरकार के संपर्क में हैं। उन्होंने करता राम गुप्ता से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
बेटी से संपर्क नहीं, परिवार को सकुशल वापसी की उम्मीद
भाजपा नेता और नगर निगम के एल्डरमैन करता राम गुप्ता ने कहा कि संचार का कोई साधन नहीं होने के कारण अभी तक बेटी से संपर्क नहीं हो सका है। परिवार के लोग डॉ. मीना गुप्ता की सकुशल वापसी के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।