रायपुर नगर निगम ने टिकरापारा में पुजारी पार्क से पचपेड़ीनाका चौक तक कार्रवाई करते हुए करीब 25 फूड स्टॉल और ठेले हटाए। टीम ने प्रहरी अभियान के तहत कार्रवाई कर ठेला संचालकों पर करीब 30 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया। वहीं, समता कॉलोनी के आवासीय क्षेत्र में सड़क पर मवेशी छोड़ने और गंदगी फैलाने पर 4 डेयरी संचालकों से 14 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया
जोन-6 क्षेत्र में टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। पुजारी पार्क से पचपेड़ीनाका चौक तक मुख्य सड़क पर लगे करीब 25 ठेले और फूड स्टॉल हटाए गए। अधिकारियों के मुताबिक सड़क किनारे ठेले लगने से यातायात प्रभावित हो रहा था और जाम की स्थिति बन रही थी। कार्रवाई के दौरान संचालकों को दोबारा सड़क पर ठेले नहीं लगाने की चेतावनी दी गई। मौके पर ही करीब 30 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया।
जोन-7 स्वास्थ्य विभाग ने समता कॉलोनी और भैसथान क्षेत्र में आवासीय इलाके में संचालित 4 डेयरियों की जांच की। शिकायतों की जांच के दौरान डेयरी संचालकों के पालतू मवेशियों को सड़क पर खुले में छोड़ने और गंदगी फैलाने की शिकायत सही मिली।
इसके बाद राहुल सिंह ठाकुर पर 5 हजार रुपए, जबकि राजू सोनकर, होरीलाल यादव और संतोष सोनकर पर 3-3 हजार रुपए का ई-जुर्माना लगाया गया। चारों से कुल 14 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।
डेयरी संचालकों को मवेशियों को सड़क पर खुले में नहीं छोड़ने और आसपास गंदगी नहीं फैलाने की सख्त चेतावनी दी गई।
सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने लगातार कार्रवाई
टीम प्रहरी अभियान के तहत नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम सार्वजनिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक सड़क पर कब्जा करने, यातायात बाधित करने और सार्वजनिक जगहों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।