बालोद शहर के बघमरा रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर ट्रेन की चपेट में आने से एक चरवाहे की मौत

बालोद शहर के बघमरा रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर ट्रेन की चपेट में आने से एक चरवाहे की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम बघमरा निवासी लीलाधर यादव (45) के रूप में हुई है। घटना बुधवार दोपहर करीब 1.30 बजे की है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है।

लीलाधर गांव में चरवाही का काम करता था। बुधवार को वह अपनी पत्नी लता बाई यादव के साथ मवेशी चराने रेलवे मार्ग की ओर गया था। दोनों बघमरा अंडरब्रिज के पास मौजूद थे। इसी दौरान दुर्ग से दल्लीराजहरा की ओर जा रही पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची।

पत्नी ने ट्रेन को आता देख लीलाधर को पटरी से हटने के लिए आवाज लगाई, लेकिन वह नहीं हटा। इसके बाद ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद पत्नी सदमे में बेहोश हुई

हादसे के बाद लता बाई दौड़ते हुए घर पहुंची और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। कुछ देर बाद वह सदमे में बेहोश होकर गिर पड़ी। आसपास के लोगों ने उसे संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई की।

कुछ दिनों से परेशान था मृतक

बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि लीलाधर की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। आत्महत्या करने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। प्रारंभिक जांच में उसके कुछ दिनों से परेशान रहने की बात सामने आई है। बुधवार को भी उसके नशे में होने की जानकारी मिली थी।

पुलिस मामले की जांच कर रही है। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम परिजनों और ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार किया।