भिलाई स्टील प्लांट के अंदर घुसकर आरोपियों ने करीब 100 किलो कॉपर केबल चुराया, फिर कार में लोड कर बाहर ले जाने की तैयारी में थे

Chhattisgarh Crimesभिलाई स्टील प्लांट के अंदर घुसकर आरोपियों ने करीब 100 किलो कॉपर केबल चुराया, फिर कार में लोड कर बाहर ले जाने की तैयारी में थे। इसी दौरान सीआईएसएफ के जवानों ने उन्हें पकड़ लिया। भिलाई भट्ठी पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

3 सितंबर को भिलाई स्टील प्लांट की सुरक्षा में तैनात सीआईएसएफ इकाई की ओर से भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसमें बताया गया कि, कुछ लोग प्लांट परिसर में एंट्री कर स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर कार में ले जाने की कोशिश कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान हरीश बाग, प्रेम बंजारे, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर और प्रीतम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पुलिस के सामने आरोपियों की चोरी की घटना में संलिप्तता सामने आई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अन्य साथियों के साथ मिलकर भिलाई स्टील प्लांट से स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर उसे कार के जरिए बाहर ले जाने की योजना बनाई थी।

चोरी का माल किया बरामद

आरोपियों के कब्जे और उनके बताए स्थान से पुलिस ने चोरी की 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की। इसकी कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं। जब्त मोबाइल की कीमत करीब 30 हजार रुपए है। पुलिस ने कुल 80 हजार रुपए की सामग्री जब्त की है।

कार में लोड कर रहे थे केबल

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्लांट परिसर में प्रवेश करने के बाद स्क्रैब कॉपर केबल को एक जगह से इकट्ठा किया और कार में लोड किया। इसके बाद वे केबल को प्लांट से बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सीआईएसएफ की नजर उन पर पड़ गई और उन्हें पकड़ लिया गया।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को 4 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं। उनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी की पूरी घटना और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

इन्हें किया गया गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) शामिल हैं। सभी आरोपी दुर्ग जिले के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल कीमत 50 हजार रुपए और 4 मोबाइल फोन कीमत 30 हजार रुपए। कुल जब्ती 80 हजार रुपए है।