बोले-एकता हमारी ताकत है, जल-जंगल-जमीन हमारी पहचान, विस्थापन का करेंगे एकजुट होकर विरोध
पूरन मेश्राम/नगरी/मैनपुर। जल,जंगल,जमीन बचाओ संघर्ष समिति, सीतानदी-उदंती,जिला धमतरी/गरियाबंद द्वारा 06 सितंबर 2026 को ग्राम रिसगांँव में आयोजित अति-आवश्यक महाबैठक ऐतिहासिक रूप से सफल रही।बैठक में उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के कोर एवं बफर जोन के 128 गाँव पारा-टोला से पहुंँचे गायता, पुजारी,पटेल, सियान, किसान, युवा साथियों एवं मातृशक्ति की अभूतपूर्व उपस्थिति के लिए समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष अधिवक्ता सिरधन सोम ने सभी का कोटि-कोटि जोहार,जय भीम, जय संविधान,जय बिरसा के साथ सादर आभार व्यक्त किया है।
अध्यक्ष ने जारी किया आभार संदेश
अध्यक्ष अधि सिरधन सोम ने अपने आभार संदेश में कहा है कि आप सभी के सर्वसम्मति से मुझे अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद का दायित्व सौंपा गया है, इसके लिए मैं आप सभी का हृदय से आभारी हूंँ। आप सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और विश्वास के बिना मैं कुछ भी नहीं हूं। मेरे लिए यह पद सम्मान से अधिक एक बड़ी जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हमारी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष से विरोध नहीं है, बल्कि हमारे जल,जंगल, जमीन, संवैधानिक अधिकारों एवं क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा की लड़ाई है।
विस्थापन के विरोध में बड़ी हुंकार
अध्यक्ष सोम ने कहा कि टाइगर रिजर्व के नाम पर हमारे 128 गांवों के विस्थापन का हम एकजुट होकर पुरजोर विरोध करेंगे। साथ ही क्षेत्र में आज तक नहीं मिल पाई बुनियादी सुविधाएं सड़क, स्वास्थ्य, बिजली, पुल-पुलिया, शिक्षा के लिए हमारा संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
उन्होंने संकल्प लिया कि वे सभी साथियों के विश्वास और भरोसे को कभी टूटने नहीं देंगे। समिति के प्रत्येक निर्णय में आप सभी की सहमति, मार्गदर्शन और सुझाव सर्वोपरि रहेगा।
अंत में उन्होंने नारा दिया एकता हमारी ताकत है,
संघर्ष हमारा अधिकार है और जल,जंगल,जमीन हमारी पहचान है।