पूरन मेश्राम/गरियाबंद। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला गरियाबंद इकाई ने प्रदेश अध्यक्ष किसान नेता तेजराम विद्रोही एवं महासमुंद जिला पंचायत सदस्य जुगनू जागेश्वर चंद्राकर की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।भारतीय किसान यूनियन जिला अध्यक्ष मदन लाल साहू,उपाध्यक्ष सोहन लाल साहू,महासचिव योगेन्द्र साहू,संगठन मंत्री ललित कुमार एवं कोषाध्यक्ष उत्तम कुमार ने संयुक्त प्रेस बयान जारी कर बताया कि कावेरी सीड्स कंपनी द्वारा महासमुंद क्षेत्र के सैकड़ों किसानों से बीज उत्पादन कराया गया था। कंपनी बीज तो ले गई।लेकिन आज पर्यंत किसानों को करोड़ों रुपये की भुगतान राशि नहीं दी गई है।बार-बार आवेदन-निवेदन के बाद भी भुगतान न होने से क्षुब्ध किसानों ने चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया था। इसी कड़ी में दिनांक 23.10.2026 शुक्रवार को महासमुंद से कावेरी बीज कंपनी के रायपुर स्थित कार्यालय तक शांतिपूर्ण ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया था।जिसका नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही एवं जुगनू जागेश्वर चंद्राकर कर रहे थे।भाकियू का आरोप है, कि कॉर्पोरेट परस्त रवैया अपनाते हुए प्रशासन ने निजी बीज कंपनी को संरक्षण देते हुए दोनों किसान नेताओं को गिरफ्तार कर थाना खल्लारी ले गया, वहीं आंदोलनरत किसानों को भी आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। इससे नाराज किसान सड़क पर ही बैठकर प्रदर्शन कर रहे हैं।भारतीय किसान यूनियन जिला गरियाबंद कमेटी शांतिपूर्ण किसान आंदोलन का पूर्ण समर्थन करती है। तथा प्रशासन एवं कावेरी बीज कंपनी की भूमिका की घोर निंदा करती है।
संगठन ने मांग की है,कि किसान नेता तेजराम विद्रोही एवं जुगनू जागेश्वर चंद्राकर को बिना शर्त तत्काल रिहा किया जाए तथा पीड़ित किसानों का बकाया भुगतान अविलंब कराया जाए।