बालोद जिले के गुंडरदेही थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर ट्रक और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा बालोद-दुर्ग मुख्य मार्ग पर ग्राम सिकोसा के पास हुआ। टक्कर के बाद पिकअप चालक करीब 45 मिनट तक ड्राइविंग सीट पर फंसा रहा। राहगीरों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में चालक को दुर्ग रेफर किया गया है।
हादसा इतना भीषण था कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक 37 वर्षीय दीपक बारले का कमर के नीचे का हिस्सा ड्राइविंग सीट में फंस गया। घायल होने के बावजूद वह लोगों से बातचीत करता रहा और खुद बाहर निकलने की कोशिश करता रहा।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने चालक को बाहर निकालने के लिए मदद की। उन्होंने पिकअप के दबे हुए दरवाजे, स्टेयरिंग और अन्य लोहे के हिस्सों को रस्सी से बांधकर खींचा। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद चालक को बाहर निकाला जा सका।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
चालक को 108 एंबुलेंस की मदद से गुंडरदेही अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर कर दिया गया। गुंडरदेही पुलिस के अनुसार हादसे में चालक के पैर की हड्डियां टूट गई हैं।
माइंस से लौट रहा था ट्रक
जानकारी के अनुसार, हाहालद्दी माइंस में चलने वाला ट्रक रायपुर से लौह अयस्क खाली कर वापस लौट रहा था। वहीं, बोरिया खुर्द निवासी दीपक बारले सामान खाली कर दल्लीराजहरा से रायपुर लौट रहा था। इसी दौरान सिकोसा के पास दोनों वाहनों की टक्कर हो गई।
दोनों वाहन जब्त, कार्रवाई जारी
हादसे के बाद गुंडरदेही पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार मामले में अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।