बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव और भारी बारिश की चेतावनी के बीच बस्तर जिला प्रशासन ने गुरुवार (29 अक्टूबर) को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। रात में क्षेत्र में हल्की बारिश हुई और हवाएं भी चलीं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन यह फैसला लिया है।
कलेक्टर के निर्देश के बाद जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक, बस्तर जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूल गुरुवार को बंद रहेंगे। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक, हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल शामिल हैं।
बच्चों की सुरक्षा के लिए फैसला
प्रशासन ने संभावित अतिवृष्टि और मौसम के प्रतिकूल रहने की आशंका को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। भारी बारिश की स्थिति में बच्चों को स्कूल आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानी और संभावित जोखिम से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया है।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। लोगों से भी मौसम संबंधी सतर्कता बरतने की अपील की गई है। एक दिन पहले जगदलपुर, दंतेवाड़ा समेत अन्य जिलों में बारिश भी हुई। हल्की ठंडी हवाएं भी चल रहीं हैं। 2 दिन पहले तूफान की वजह से दंतेवाड़ा में आसमान का रंग एकदम लाल हो गया था।