छत्तीसगढ़ की राजनीति में रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) अपनी जमीन मजबूत करने की तैयारी में है। केंद्रीय राज्यमंत्री और RPI प्रमुख रामदास आठवले ने बिलासपुर में पार्टी के विस्तार का प्लान बताया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में सभी समाजों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जाएगा। अगर पार्टी प्रदेश में मजबूत होगी तो भाजपा के साथ 4 से 5 सीटों पर गठबंधन को लेकर विचार किया जा सकता है।
पार्टी का फोकस सभी समाजों को साथ लेकर चलने पर रहेगा। इसके अलावा आठवले ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष में अच्छा काम कर रहे हैं। पीएम पर टिपप्णी करने पर भी कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन उन्हें झूठ नहीं बोलना चाहिए।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि, पिछले चुनाव में वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ छत्तीसगढ़ में कैंपेन कर चुके हैं। उन्होंने भाजपा के साथ अपने राजनीतिक संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी मजबूत होने के बाद गठबंधन को लेकर आगे विचार किया जाएगा।
कहा- राहुल गांधी को विपक्ष का नेता ही रहना चाहिए
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावनाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर रामदास आठवले ने कहा कि राहुल गांधी विपक्ष का काम अच्छा कर रहे हैं। उन्हें विपक्ष का नेता ही रहना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी करने में कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन राहुल गांधी को झूठ नहीं बोलना चाहिए।
आठवले ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की संभावना को मुश्किल बताते हुए कहा कि 2029 के लोकसभा चुनाव में भी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीत का भरोसा है।
क्या छत्तीसगढ़ की राजनीतिक में होंगे नए समीकरण
छत्तीसगढ़ में RPI का विस्तार होने और भाजपा के साथ संभावित सीट गठबंधन का संकेत प्रदेश की राजनीति में नए समीकरण की ओर इशारा है। फिलहाल उन्होंने गठबंधन को अंतिम रूप देने की बात नहीं कही है।
आठवले का कहना है कि पहले पार्टी को प्रदेश में मजबूत किया जाएगा और इसके बाद चुनावी परिस्थितियों के अनुसार सीटों पर विचार होगा।