महासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सांकरा पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesमहासमुंद जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और सांकरा पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से क्रेटा और सफेद स्विफ्ट कार में ले जाया जा रहा 37 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दोनों कार और 6 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, कुल जब्ती की कीमत करीब 17 लाख 10 हजार रुपए है।

पुलिस के मुताबिक, सांकरा थाना क्षेत्र में नियमित वाहन चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि क्रेटा और सफेद स्विफ्ट कार में ओडिशा से गांजा लाकर सांकरा के रास्ते रायपुर ले जाया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बल्दीड़ीह चौक, NH-53 के पास नाकाबंदी की। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की दोनों कारें वहां पहुंचीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर चालक और उसमें सवार लोगों से पूछताछ शुरू की।

दोनों कारों से मिला 37.30 किलो गांजा

तलाशी के दौरान दोनों वाहनों में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से कुल 37 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त किया और दोनों कारों में सवार सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओडिशा के सोनपुर से गांजा लेकर आए थे और इसे स्थानीय इलाकों में बेचने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

पुलिस ने मामले में महेंद्र पटेल उर्फ रितेश, निवासी दयालपुर, थाना सालिया, हाल भगत देवरी, सांकरा, टिकेलाल मांझी उर्फ टिक्कू, निवासी डोंगरीपाली, सांकरा, सुमित शर्मा, निवासी लाखागढ़, पिथौरा, देवेंद्र पटेल उर्फ दीपेश, निवासी राजपुर, बसना, गितेश नायक, निवासी धुपेनडीह, बसना, नवसागर पटेल उर्फ नूतन, निवासी सागरपाली, सरायपाली और मंसुर खान, निवासी लाखागढ़, पिथौरा को गिरफ्तार किया है।

17.10 लाख की संपत्ति जब्त

कार्रवाई में पुलिस ने 37.300 किलो गांजा, क्रेटा और स्विफ्ट कार तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए। इन सभी की कुल अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 10 हजार रुपए बताई गई है।

सभी सात आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।