छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ पुलिस ने शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की कमी के मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर की शासकीय राशन दुकानों की खाद्य विभाग ने जांच की थी। जांच के दौरान दोनों दुकानों में 1,204 क्विंटल से ज्यादा चावल के साथ शक्कर और नमक भी कम मिला था।
जांच में करीब 31.75 लाख रुपए के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी। इसके बाद खाद्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहा था। मामला धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम मिला। इसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपए बताई गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त महीने में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाया गया था, लेकिन उन्हें राशन नहीं दिया गया।
इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है।
गनपतपुर की राशन दुकान में 18.86 लाख का खाद्यान्न कम
दूसरे मामले में ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच की गई। यहां 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक कम पाया गया।
खाद्य विभाग के मुताबिक, कम मिले खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपए है।
जांच में सामने आया कि दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान कर रहे थे। खाद्य विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था।
गांव में दिखा आरोपी, पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस शाहनवाज खान की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को उसके गांव में मौजूद होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी और शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन आरोपी अभी फरार
दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। ससकोबा राशन दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया और गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान व सचिव शाहिन खान अभी फरार हैं। पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।