प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया

Chhattisgarh Crimesप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत बिलासपुर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहर से लेकर गांवों तक एक साथ करीब 10 लाख दीप जलाए गए। मुख्य आयोजन पुलिस परेड ग्राउंड में हुआ। यहां उप मुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में 1 लाख 25 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों से पूरा मैदान जगमगा उठा।

शहर में मुख्य कार्यक्रम के अलावा कई जगह दीपोत्सव का आयोजन किया गया। समाजसेवी संगठनों के साथ विभिन्न समाजों के लोगों ने भी आशीर्वाद के दीए जलाए। इसी कड़ी में लोहाणा समाज की ओर से 1000 दीप प्रज्वलित किए गए। समाज के सदस्यों ने एक साथ दीप जलाकर देश की सुख-समृद्धि के साथ प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।

आयोजन में लोहाणा समाज के अध्यक्ष ललित भाई पुजारा, पंकज भाई ठक्कर, कुणाल भाई ठक्कर, मेहुल भाई कक्कड़, किशोर भाई कक्कड़, नरेंद्र भाई चंदाराणा, भरत भाई कक्कड़, शिवा भाई कानाबार, कपिल भाई सचदेव, हिमांशु भाई नथवाणी और वरुण भाई खंडेरिया सहित समाज के कई सदस्य और शहरवासी मौजूद रहे।

बछेरा तालाब में जलाए गए 11 हजार दीए

नगर निगम जोन क्रमांक-2 के अंतर्गत बछेरा तालाब तिफरा में 11 हजार दीए जलाकर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई। आयोजन में स्थानीय लोगों के साथ भाजपा कार्यकर्ता और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

रतनपुर-मल्हार समेत धार्मिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन

जिले के प्रमुख धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर भी विशेष दीप प्रज्वलन किया गया। रतनपुर में 11 हजार, मल्हार में 11 हजार तथा बेलपान और ताला में 1100-1100 दीप जलाए गए। चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में शत-प्रतिशत घरों में दीप जलाए गए। प्रत्येक गांव में भी 100 से अधिक ‘आशीर्वाद के दीए’ प्रज्वलित किए गए।

11 हजार दीयों से जगमगाया बोदरी, बाजार से मंदिरों तक दिखा उत्साह

नगर पालिका परिषद बोदरी में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के पहले दिन नगर में करीब 11 हजार दीप प्रज्वलित किए गए। नगर पालिका अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा की अपील पर व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों के बाहर दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की।

झूलेलाल मंदिर चकरभाठा, लक्ष्मीनारायण मंदिर भाटापारा बस्ती, अटल चौक, गुड़ी चौक बोदरी, महामाया चौक अचानकपुर, हनुमान चौक नयापारा और नगर पालिका कार्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए गए।