बीजापुर। बीजापुर जिले में चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक और बड़ी सफलता मिली है। बेदरे थाना क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया माओवादी डंप बरामद किया है। मौके से हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री का बड़ा जखीरा मिला है। पुलिस के अनुसार, सर्चिंग के दौरान सुरक्षा बलों को जंगल में संदिग्ध स्थान का पता चला। तलाशी लेने पर जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
डंप से क्या-क्या मिला: बरामद सामग्री में एक एसएलआर, एक एलएमजी राइफल, एक इंसास राइफल, एक .315 बोर बंदूक और दो बीजीएल लॉन्चर शामिल हैं। इसके अलावा 17 बीजीएल सेल, एक चाइना हैंड ग्रेनेड, 49 एसएलआर राउंड, 15 .315 बोर राउंड और 15 बीजीएल कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
सुरक्षा बलों को चार एसएलआर मैगजीन और एक .315 बोर मैगजीन सहित अन्य सामग्री और उपकरण भी मिले हैं। बरामद हथियारों और सामग्री को जब्त कर डंप से जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है।