भिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर 10, 20 और 30 रुपए वसूले जाने की शिकायत पर नगर निगम ने बुधवार शाम कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesभिलाई के सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में श्रद्धालुओं से पार्किंग के नाम पर 10, 20 और 30 रुपए वसूले जाने की शिकायत पर नगर निगम ने बुधवार शाम कार्रवाई की। जांच के दौरान सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति की ओर से स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से शुल्क लिया जा रहा था। निगम की टीम ने मौके से शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त की।

समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को तत्काल शुल्क वसूली बंद करने की हिदायत दी गई। निगम ने चेतावनी दी कि दोबारा इस तरह शुल्क लेते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

गणेशोत्सव के दौरान सेक्टर-10 में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। इसी दौरान नगर निगम को पंडाल के पास वाहन खड़ा करने के बदले लोगों से पैसे लिए जाने की शिकायत मिली थी।शिकायत के बाद नगर निगम आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर जोन-5 की टीम बुधवार शाम मौके पर पहुंची और जांच की।

एक समिति में शुल्क नहीं, दूसरी जगह वसूली

जांच के दौरान दो गणेशोत्सव समितियों की अलग-अलग स्थिति सामने आई। शिवमानस गणेशोत्सव समिति के पंडाल में किसी तरह का पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा रहा था।

वहीं सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति के यहां स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों से 10, 20 और 30 रुपए लिए जा रहे थे। निगम की टीम ने मौके पर शुल्क वसूली से संबंधित रसीदें जब्त कर लीं।

5 कट्टा रसीद से सामने आया शुल्क वसूली का मामला

मौके पर मिली 5 कट्टा रसीद कार्रवाई का अहम आधार रही। इन रसीदों के जरिए वाहन खड़ा करने के बदले राशि लिए जाने की बात सामने आई।

निगम अधिकारियों ने समिति के पदाधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं के लिए बनाई गई व्यवस्था के नाम पर बिना अनुमति शुल्क नहीं लिया जा सकता। फिलहाल रसीदें जब्त कर शुल्क वसूली बंद करा दी गई है।

गणेश पंडालों की व्यवस्थाओं पर निगम की नजर

गणेशोत्सव के दौरान शहर के बड़े पंडालों में रोज बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर अव्यवस्था की स्थिति बन सकती है। नगर निगम की टीमें अलग-अलग व्यवस्थाओं पर निगरानी रख रही हैं।

निगम ने सभी गणेशोत्सव समितियों से आयोजन के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करने और श्रद्धालुओं से बिना अनुमति किसी भी तरह की राशि नहीं लेने को कहा है। कार्रवाई के दौरान जोन-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम और भिलाई नगर पुलिस की टीम मौजूद रही।