नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने भिलाई में संगठन की तैयारियों को तेज कर दिया है। सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में भाजपा जिला भिलाई के सात मंडलों की बैठक हुई। इसमें निगम के सभी 70 वार्डों तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति बनाई गई।
बैठक में बूथ स्तर की टीम को सक्रिय करने, मतदाता सूची की जांच करने, पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क बढ़ाने और घर-घर पहुंचकर लोगों से संवाद करने पर खास जोर दिया गया।बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव की तैयारी मतदान के कुछ दिन पहले शुरू नहीं होती, बल्कि लगातार चलने वाली प्रक्रिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को घर से संपर्क अभियान शुरू करने और बूथ व मोहल्ले के हर परिवार तक पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का बूथवार अध्ययन किया जाए और बूथ समितियों को लगातार सक्रिय रखा जाए।
70 वार्डों पर नजर, हर वार्ड के लिए अलग जिम्मेदारी भाजपा ने इस बार भिलाई नगर निगम के सभी 70 वार्डों को लेकर अलग-अलग तैयारी करने की योजना बनाई है। बैठक में वार्डवार प्रभारी और सहप्रभारी की जिम्मेदारियां तय करने के साथ बूथ समितियों की स्थिति की समीक्षा करने और हर बूथ के लिए अलग कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया गया।
प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी ने कार्यकर्ताओं से सभी 70 वार्डों में संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वार्ड और बूथ स्तर पर साफ योजना के साथ काम करने की जरूरत है। कार्यकर्ताओं को 70 वार्डों में कमल खिलाने के संकल्प के साथ जुटने को कहा गया।
मतदाता सूची को लेकर भी तैयारी बैठक में मतदाता सूची को चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा माना गया। बूथवार मतदाताओं की सूची का अध्ययन करने, पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क करने और चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर मजबूत पकड़ बनाने के लिए हर परिवार तक संगठन की पहुंच जरूरी है।
सरकार के काम भी लोगों तक पहुंचाने की रणनीति क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी ने कार्यकर्ताओं से सरकार के विकास और जनकल्याण के कामों की जानकारी जनता तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने स्थानीय मुद्दों पर लोगों से तथ्य के आधार पर बातचीत करने और संगठन की गतिविधियों को लगातार आगे बढ़ाने की बात कही।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय ने कार्यकर्ताओं को लगातार जनता के बीच रहने का संदेश दिया। उन्होंने मतदाता सूची के अध्ययन के साथ पात्र लोगों को चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी जरूरी मदद देने पर जोर दिया।
सांसद विजय बघेल ने बूथ स्तर की तैयारी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की बात कही। बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, दुर्ग संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला प्रभारी रामजी भारती, जिला अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, भूपेंद्र सवन्नी, राकेश पांडेय, सांसद विजय बघेल, विधायक रिकेश सेन, प्रेम प्रकाश पांडेय और इन्द्रजीत सिंह गोल्डी सहित जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता मौजूद रहे।