छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत 74 ब्लॉक अध्यक्षों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न संगठन मजबूती

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत रायपुर संभाग के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर मंगलवार को संपन्न हुआ। 20 से 22 सितंबर तक जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में आयोजित शिविर में रायपुर संभाग के सभी 74 ब्लॉक अध्यक्ष शामिल हुए। प्रशिक्षण के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय और आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए संगठन को तैयार करने पर विशेष जोर दिया गया।

शिविर के दौरान ब्लॉक अध्यक्षों को संगठन संचालन, कांग्रेस की विचारधारा एवं इतिहास, सामाजिक समरसता, जनसरोकार, कार्यकर्ता सक्रियता और बूथ स्तर तक संगठन को प्रभावी बनाने से जुड़े विषयों पर जानकारी दी गई। इसके साथ ही सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी इस्तेमाल तथा फील्ड वर्क को लेकर भी प्रशिक्षण दिया गया। दूसरे दिन नई पीढ़ी यानी GenZ से जुड़ने और सोशल मीडिया पर संगठन की मौजूदगी मजबूत करने जैसे विषय भी प्रशिक्षण का हिस्सा रहे।
प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और विषय विशेषज्ञों ने अलग-अलग सत्रों में ब्लॉक अध्यक्षों का मार्गदर्शन किया। शिविर के शुरुआती सत्र में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव पूर्व मंत्री धनेन्द्र साहू सत्य नारायण शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। भूपेश बघेल ने वर्तमान राजनीति में धर्म एवं धर्मनिरपेक्षता, जबकि टी.एस. सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व और जनकल्याणकारी योजनाओं में व्यय से जुड़े विषय पर जानकारी दी।

प्रशिक्षण के दौरान सोशल मीडिया से जुड़े विषयों पर मणी वैष्णव ने जानकारी दी, जबकि कांग्रेस महामंत्री दीपक मिश्रा ने कनेक्ट सेंटर की भूमिका और उसके कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण दिया। संगठन संचालन और जमीनी गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए मास्टर ट्रेनरों की टीम ने भी विभिन्न सत्रों में ब्लॉक अध्यक्षों के साथ संवाद किया।

रायपुर संभाग का यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस के संभागवार प्रशिक्षण अभियान की अंतिम कड़ियों में से एक रहा। इससे पहले बस्तर, दुर्ग, सरगुजा और बिलासपुर संभाग में भी ब्लॉक अध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

गरियाबंद जिले के मैनपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, अमलीपदर अध्यक्ष ललिता यादव ने प्रशिक्षण शिविर की जानकारी देते हुए बताया कि तीन दिनों तक संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर संगठन को और सक्रिय करना, कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल बनाना और जमीनी स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देना रहा। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्षों ने अपनी बात संगठन के सामने रखी यहां शिविर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने काफी कारगर साबित होगा।