छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बिजली बिल जमा नहीं होने से 74 सरकारी स्कूलों और शिक्षा विभाग के कनेक्शन काट दिए गए हैं। इन कनेक्शनों पर कुल 47.68 लाख रुपए का बिजली बिल बकाया है। इनमें 72 स्कूलों पर करीब 23.10 लाख रुपए और दो विभागीय कनेक्शनों पर 24.58 लाख रुपए बकाया है।
कनेक्शन कटने से स्कूलों में पंखे और लाइट बंद हो गए हैं। गर्मी के बीच बच्चों को बिना पंखे के कक्षाओं में बैठना पड़ रहा है। कई कक्षाओं में 40 से 50 से ज्यादा बच्चे हैं। ऐसे में खासकर छोटे बच्चों को परेशानी हो रही है।लाइट बंद होने से बच्चों को पढ़ने और लिखने में भी दिक्कत आ रही है।
बिजली कंपनी ने बिल जमा करने के लिए शिक्षा विभाग को पहले नोटिस दिया था। विभाग को 10 सितंबर तक बकाया राशि जमा करने कहा गया था। इसके बाद भी भुगतान नहीं होने पर रायपुर से इन 74 कनेक्शनों को ऑटोमेटिक तरीके से काट दिया गया।
बिजली विभाग जोन-1 के ईई आरके राव ने बताया कि स्कूलों पर बिजली बिल की बड़ी राशि बकाया है। विभाग को पहले नोटिस दिया गया था। इसके बाद भी बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटे गए हैं। जिन स्कूलों का बकाया जमा किया जा रहा है, उनके कनेक्शन दोबारा जोड़े जा रहे हैं।
बजट खत्म होने से बनी समस्या
जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि पीएम श्री गवर्नमेंट नटवर इंग्लिश मीडियम स्कूल की प्राइमरी विंग समेत कई स्कूलों के बिजली कनेक्शन कटे हैं। विभाग को जितना बजट मिला था, वह बिजली बिल के भुगतान में दे दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अतिरिक्त बजट की मांग की गई है। इसकी प्रक्रिया चल रही है। पर्याप्त राशि उपलब्ध नहीं होने के कारण यह समस्या सामने आई है।
रायगढ़ जिले में करीब 2,200 सरकारी स्कूल हैं। किस स्कूल का कितने समय से बिजली बिल जमा नहीं हुआ है, इसकी पूरी जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है। हालांकि, जिन स्कूलों पर बिल बकाया है, वहां कनेक्शन कटने की समस्या सामने आ रही है।
इन जगहों पर सबसे ज्यादा बिजली बिल बकाया
- बीईओ कार्यालय, नटवर स्कूल के सामने- ₹13,72,834.59
- डीईओ लाइब्रेरी, रायगढ़- ₹10,84,923.17
- प्रभारी प्रधान पाठक, शासकीय माध्यमिक शाला, जोन-2- ₹3,94,969.88
- नटवर हाई स्कूल, रायगढ़- ₹1,89,450.60
- प्रधान पाठक, कलमी (डीपापारा)- ₹1,73,560.49
- गर्ल्स हाई स्कूल (पुत्रीशाला)- ₹1,57,847.85
- शासकीय हाई स्कूल, चांदमारी- ₹1,29,177.05
- प्राथमिक शाला, कबीर चौक- ₹63,688.48
- प्राथमिक शाला, जूटमिल के सामने- ₹52,316.86
- शासकीय प्राथमिक शाला, भगवानपुर-किरोड़ीमल नगर- ₹45,106.78