जांजगीर-चांपा में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाने और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया

Chhattisgarh Crimesजांजगीर-चांपा में सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाने और फिर चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले गिरोह का जांजगीर कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में एक युवती समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट कर उससे 60 हजार रुपए नकद और सोने की अंगूठी लूट ली थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपए, घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं।

पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के निवासी मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इस दौरान युवती लगातार मनीष को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी।

4 नवंबर 2026 को मनीष अपने एक मित्र के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने मित्र को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और उसके साथ आगे चला गया।

चाकू दिखाकर कार से उतारा, बेल्ट से पीटा

इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपियों ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की।

जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 60 हजार रुपए नकद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूट ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी आरोपियों के साथ मिलीभगत सामने आई।

लूट की रकम में से 30 हजार रुपए बरामद

पीड़ित की रिपोर्ट पर कोतवाली जांजगीर में अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमित राठौर (21), रवि झलरिया (24), किशन कर्ष (21), कुनाल पाण्डेय (20), मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19) और रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपए नकद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अनजान लोगों से मिलने में बरतें सावधानी

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि बिना पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं और सुनसान स्थानों पर जाने से बचें। किसी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।