कोरबा जिले के कटघोरा-पेंड्रा मुख्य मार्ग पर अमलडीहा बस स्टैंड के पास देर रात सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे बिना पार्किंग लाइट और संकेतक के खड़े ट्रेलर में तेज रफ्तार पल्सर बाइक जा घुसी। हादसे में 21 वर्षीय सागर कंवर की मौके पर ही मौत हो गई।
सागर कंवर बनवार गांव का रहने वाला था। वह कटघोरा में एक निजी कंपनी में काम करता था। काम खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अमलडीहा बस स्टैंड के पास यह हादसा हो गया।
जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर सड़क किनारे बिना पार्किंग लाइट और किसी संकेतक के खड़ा था। अंधेरा होने के कारण सागर को ट्रेलर दिखाई नहीं दिया। तेज रफ्तार बाइक सीधे ट्रेलर में जा घुसी।
सिर में गंभीर चोट, मौके पर मौत
टक्कर इतनी तेज थी कि सागर बाइक से उछलकर सड़क किनारे जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बाइक की लाइट जलती रही। इसी दौरान राहगीरों की नजर बाइक पर पड़ी। लोगों ने सड़क किनारे युवक को पड़ा देखा और डायल 112 को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे।
सड़क किनारे खड़े वाहनों से हादसे का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर ट्रेलर और ट्रक चालक सड़क किनारे बिना संकेतक के वाहन खड़े कर देते हैं। कई बार खराब वाहन भी सड़क पर ही खड़े रहते हैं। रात के समय ये वाहन दिखाई नहीं देते, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे खड़े वाहनों पर कार्रवाई करने और वाहनों में पार्किंग लाइट, जरूरी संकेतक लगाने की व्यवस्था सख्ती से लागू कराने की मांग की है।