अंबिकापुर के घुटरापारा में बीती रात गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद होने पर युवकों ने महिला एवं उसके नाबालिग बेटे को चाकू मार दिया। हमले में महिला व उसके नाबालिग बेटे को गंभीर चोटें आई हैं। हमले में गंभीर रूप से घायल नाबालिग को आईसीयू में भर्ती किया गया है। हमले का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। बताया गया है कि महिला एवं उसके नाबालिग बेटे ने डीजे की आवाज को लेकर आपत्ति की थी, जिसके बाद उनका आरोपियों से विवाद हो गया था। शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के खैरबार रोड घुटरापारा में गणेश प्रतिमा का विसर्जन के लिए शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान मोहल्ले में तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था।
डीजे की कानफोड़ू आवाज से परेशान होकर महिला मंजू गुप्ता व उसके नाबालिग बेटे अंकित गुप्ता (17 वर्ष) ने डीजे का साउंड कम करने कहा। इसपर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
विवाद के बाद चार-पांच युवकों ने महिला एवं उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला का हाथ कट गया और नाबालिग बेटे को गंभीर चोटें आई हैं।
दोनों को परिजनों ने तत्काल मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां नाबालिग को आईसीयू में भर्ती किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। महिला का भी इलाज किया गया।
मामले की रिपोर्ट घायल महिला ने कोतवाली में दर्ज कराई है। महिला का कहना है कि उसपर गुड्डू गुप्ता एवं अन्य युवकों ने हमला किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।