जशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने 23 सितंबर को एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesजशपुर जिले में गौ तस्करी के खिलाफ पुलिस ने 23 सितंबर को एक ही दिन में दो अलग-अलग कार्रवाई की। सिटी कोतवाली और लोदाम पुलिस की कार्रवाई में कुल 17 गौवंशों को तस्करों के चंगुल से बचाया गया।

इनमें पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे 9 गौवंश भी शामिल हैं, जिनमें से 2 की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि लोदाम मामले में वाहन चालक जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया। यह कार्रवाई एसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में ऑपरेशन शंखनाद के तहत की गई।

सिटी कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम छोटा बनई के जंगल के रास्ते एक व्यक्ति बड़ी संख्या में गौवंशों को पैदल झारखंड की ओर ले जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और 8 गौवंशों को बरामद कर लिया।

मौके से पकड़े गए व्यक्ति की पहचान अजय नगेशिया (36) निवासी कुंडिग महुआ टोली, थाना लोदाम के रूप में हुई। पुलिस ने उससे गौवंशों से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अजय नगेशिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पिकअप में ठूंसकर भरे थे 9 गौवंश, 2 की मौत

इधर, 23 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे लोदाम पुलिस को सूचना मिली कि पिकअप क्रमांक JH-05-DD-7297 में गौवंशों को भरकर जशपुर से पतराटोली होते हुए झारखंड ले जाया जा रहा है।

सूचना के बाद पुलिस ने ग्राम भलमंडा के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान जशपुर की ओर से आ रही पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को जामटोली की ओर भगाने लगा।

पुलिस ने पीछा किया तो चालक जंगल के किनारे वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। तलाशी लेने पर पिकअप में 9 गौवंश ठूंस-ठूंसकर भरे मिले। इनमें से 2 की मौत हो चुकी थी।

पशु चिकित्सक ने किया स्वास्थ्य परीक्षण, पिकअप जब्त

पुलिस ने बरामद गौवंशों का पशु चिकित्सक से स्वास्थ्य परीक्षण कराया। तस्करी में इस्तेमाल पिकअप को जब्त कर लिया गया है। फरार चालक और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

दोनों मामलों में पशु क्रूरता समेत धाराओं में केस

पुलिस ने दोनों मामलों में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क)(घ) के तहत अपराध दर्ज किया है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि गौवंश तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद लगातार जारी है। अलग-अलग कार्रवाई में 17 गौवंशों को मुक्त कराया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि लोदाम मामले में तस्करी में इस्तेमाल पिकअप जब्त की गई है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और गौवंश तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।