गरियाबंद पुलिस और डायल 112 की तत्परता: उफनते नाले में फंसी बस से 35-40 यात्रियों का सुरक्षित रेस्क्यू

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimesयुमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। जिले में लगातार 48 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। इस बीच थाना मगरलोड जिला धमतरी क्षेत्र अंतर्गत एक बड़ा हादसा टल गया। उफनते नाले के किनारे में फंसी एक यात्री बस को थाना गरियाबंद पुलिस टीम और डायल 112 के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लगभग 35 से 40 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

प्रदेश में अलग-अलग स्थान पर हो रही भारी वर्षा के चलते स्थानीय नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया था। इसी दौरान यात्रियों से भरी एक बस सरायीबदर और मुहाझोरी (थाना मगरलोड जिला धमतरी ) नाले को पार करने का प्रयास कर रही थी। नाले में पानी का बहाव बेहद तेज था और बस में सवार यात्रियों की जान संकट में थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन में थाना गरियाबंद की पुलिस टीम और डायल 112 के वाहन तत्काल मौके पर पहुंचे।

 

 

साहसिक रेस्क्यू ऑपरेशन:

परिवहन और सुरक्षा की विपरीत परिस्थितियों के बावजूद पुलिस की संयुक्त टीम ने बिना वक्त गंवाए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जवानों ने सूझबूझ और अदम्य साहस का परिचय देते हुए रस्सी और अन्य सुरक्षा उपकरणों की मदद से बस तक पहुंच बनाई। टीम ने एक-एक कर बस में फंसे सभी 35 से 40 यात्रियों, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, उन्हें सुरक्षित नाले के पार पहुंचाया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा होने से रुक गया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

पुलिस अधीक्षक की अपील:

पुलिस अधीक्षक गरियाबंद ने रेस्क्यू ऑपरेशन में शामिल थाना गरियाबंद पुलिस टीम और डायल 112 के अधिकारी-कर्मचारियों के हौसले और त्वरित एक्शन की सराहना की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि: लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए नदी, नालों और रपटों पर पानी होने की स्थिति में उन्हें पार करने का जोखिम कतई न उठाएं।

जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और किसी भी आपातकालीन स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 को सूचित करें।

यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें।