पोटाश बम से जंगली सुअर के शिकार मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने जमानत याचिका किया निरस्त

Chhattisgarh Crimesवन विभाग की जांच में सामने आए नए नाम, पोटाश बम के सप्लाई नेटवर्क और शिकारियों के गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी एंटी पोचिंग टीम

पूरन मेश्राम/मैनपुर। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम का इस्तेमाल कर जंगली सुअर के अवैध शिकार के मामले में वन विभाग को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले की गहन जांच और पूछताछ के आधार पर वन विभाग ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोहरू नेताम उम्र 40 वर्ष निवासी कोरहोबेड़ा, जिला कोंडागांव तथा मनकलाल मरकाम 37 वर्ष निवासी मुकुंदपुर जिला धमतरी के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया वहीं, 20 नवंबर 2026 को न्यायालय ने दोनों की जमानत याचिका निरस्त कर दी। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य परिक्षेत्र रिसगांव अंतर्गत छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा के आरक्षित वन क्षेत्र कक्ष क्रमांक 254-255 के चिखलापानी नामक स्थान पर जंगली सुअर का विस्फोटक पदार्थ पोटाश बम से अवैध शिकार किया गया था। इस मामले में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22 दिनांक 29 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। मामले में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई शुरू की गई।

प्रकरण में पूर्व में नरसिंग निषाद उम्र 50 वर्ष, मानसिंग राऊत उम्र 22 वर्ष, देवानंद उर्फ लैला उम्र 49 वर्ष, शेषमल गोंड़ उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम खिलौली, जिला नवरंगपुर (ओडिशा) तथा पोटाश बम सप्लायर भारत रामजी राठौर, निवासी कोरहोबेड़ा, जिला कोंडागांव को गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई के दौरान भारत राठौर के घर सर्च वारंट के तहत तलाशी ली गई, जहां से विभिन्न प्रकार की संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। मामले की अग्रिम विवेचना के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी व्यवहार न्यायालय नगरी से अनुमति प्राप्त कर वन विभाग की टीम ने 5 नवंबर 2026 को जिला जेल धमतरी में आरोपियों से विशेष पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पोटाश बम बनाने, उसकी आपूर्ति और लेन-देन से जुड़े कई अहम सुराग सामने आए। इसी दौरान सप्लायर भारत राठौर के बयान के आधार पर अन्य संलिप्त व्यक्तियों के नाम सामने आए। इन सुरागों के आधार पर वन विभाग की टीम ने 17 नवंबर 2026 को जोहरू नेताम निवासी कोरहोबेड़ा तथा मनकलाल मरकाम निवासी मुकुंदपुर को उनके गृहग्राम से गिरफ्तार किया। दोनों को परिक्षेत्र कार्यालय रिसगांव मुख्यालय सांकरा लाकर पूछताछ की गई। वन विभाग के अनुसार पूछताछ में पोटाश बम के लेन-देन, संदिग्ध विस्फोटक सामग्री की हेराफेरी और जंगली सुअर के अवैध शिकार में उनकी संलिप्तता के संबंध में साक्ष्य सामने आए हैं। पोटाश बम सप्लायर भारत रामजी राठौर के घर से तलाशी के दौरान संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद होने के बाद वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के साथ-साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है। इस संबंध में पुलिस थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव में एफआईआर क्रमांक 0092, दिनांक 6 नवंबर 2026 को दर्ज की गई है।

शिकारियों के गिरोह का पता लगाने में जुटी एंटी पोचिंग टीम

वन विभाग अब गिरफ्तार आरोपियों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटा है। विभाग के अनुसार गोपनीय सूचना तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। वन क्षेत्र में पोटाश बम फैलाकर लगाए जाने से वन्यप्राणियों के साथ-साथ जंगल में गश्त करने वाले वनकर्मियों, पुलिस जवानों और आम नागरिकों की जान-माल को भी खतरा हो सकता है। टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध शिकार की पुनरावृत्ति रोकने और विस्फोटक सामग्री के अवैध इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के लिए वन विभाग द्वारा मामले की गहन छानबीन की जा रही है। विभाग का कहना है कि प्रकरण में अभी और महत्वपूर्ण सुराग मिलने की संभावना है। पूरे मामले की कार्रवाई उपनिदेशक वरुण जैन, उप वनसंरक्षक एवं सहायक संचालक सीतानदी बालगोविंद साहू, सहायक संचालक उदंती एवं एंटी पोचिंग स्क्वाड के नोडल अधिकारी गोपाल सिंह कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी रिसगांव चंद्रबली ध्रुव तथा वनपाल एवं अनुसंधान-विवेचना अधिकारी चंद्रभान साहू सहित वन विभाग की टीम द्वारा की जा रही है।