भारी बारिश से जंगल में भूस्खलन, 8 से 10 एकड़ क्षेत्र का हिस्सा खिसका

Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes Chhattisgarh Crimes

Chhattisgarh Crimesइंदा गांव के वन कक्ष क्रमांक 1293 में घटना, बड़े-बड़े पत्थर नीचे तक पहुंचे; खतरे की आशंका

युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। गरियाबंद जिले के देवभोग वन परिक्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जंगल में भूस्खलन जैसी बड़ी घटना सामने आई है। इंदा गांव क्षेत्र के वन कक्ष क्रमांक 1293 में करीब 8 से 10 एकड़ जंगल क्षेत्र का हिस्सा ऊपर से नीचे की ओर खिसक गया है। इस दौरान बड़े-बड़े पत्थर भी ढलान से नीचे आ गए हैं।

मौके पर जमीन में दरारें दिखाई दे रही हैं, जबकि कई बड़े पत्थर अब भी ढलान पर अस्थिर स्थिति में नजर आ रहे हैं। ऐसे में यदि बारिश का दौर जारी रहता है तो दोबारा भूस्खलन होने और चट्टानों के नीचे खिसकने की आशंका बनी हुई है। इससे जंगल के निचले हिस्से में रहने वाले लोगों के साथ वन्य जीवों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

इस घटना के बाद वन क्षेत्र में पेड़ों की कटाई और अतिक्रमण को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जंगल के कुछ हिस्सों में अवैध कब्जे और खेती किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। हालांकि, भूस्खलन का वास्तविक कारण क्या है, यह वन विभाग के स्थल निरीक्षण और तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र में इस तरह की यह पहली बड़ी घटना मानी जा रही है। करीब 8 से 10 एकड़ क्षेत्र प्रभावित होने से जंगल की प्राकृतिक संरचना पर भी असर पड़ा है।
अब जरूरत है कि वन विभाग तत्काल मौके का निरीक्षण करे, अस्थिर चट्टानों और ढलान वाले हिस्सों की स्थिति का जायजा ले तथा वन कटाई और अतिक्रमण की शिकायतों की भी जांच करे, ताकि आगे किसी बड़ी घटना या जनहानि की स्थिति को रोका जा सके।