रायगढ़ जिले में खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे-49 स्थित ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesरायगढ़ जिले में खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने नेशनल हाईवे-49 स्थित ढाबों और फैमिली रेस्टोरेंट में जांच अभियान चलाया। इस दौरान चारभांठा खरसिया के न्यू वेलकम ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट से पनीर, पका चावल और आलू-परवल की सब्जी के सैंपल लिए गए।

इन्हें जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है। टीम ने साफ-सफाई रखने, पानी की जांच कराने और एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए। साथ ही संचालकों को जरूरी सुधार के लिए नोटिस भी जारी किया है।

16 से 30 नवंबर तक चल रहा अभियान

खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ अभियान चला रहा है। इसके तहत जिले के होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।

न्यू वेलकम ढाबे से 3 खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

जांच टीम ने NH-49 पर चारभांठा खरसिया स्थित न्यू वेलकम ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था देखने के साथ खाद्य सामग्री की जांच की गई।

संदेह के आधार पर टीम ने पनीर, पका चावल और आलू-परवल की सब्जी के सैंपल लिए। इन्हें जांच के लिए रायपुर लैब भेजा गया है। संचालक को ग्राहकों की सेहत का ध्यान रखते हुए एक ही तेल का बार-बार इस्तेमाल नहीं करने के निर्देश दिए गए।

दो अन्य ढाबों में भी जांच, सुधार के लिए नोटिस

टीम ने NH-49 पर जोरापाली के पास स्थित एक ढाबे, समीर ढाबा एंड फैमिली रेस्टोरेंट और चंपारण फास्ट फूड में भी जांच की। यहां साफ-सफाई रखने, पानी की जांच कराने और खाद्य पदार्थों में रंगों का सीमित इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा तेल का बार-बार उपयोग नहीं करने और जरूरी सुधार करने के लिए संचालकों को नोटिस जारी किया गया।

15 से अधिक ढाबा-रेस्टोरेंट की जांच

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के तहत अब तक जिले में 15 से अधिक ढाबा और रेस्टोरेंट की जांच की जा चुकी है। 10 से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। लैब से रिपोर्ट आने के बाद गड़बड़ी मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।