कोरबा में SECL दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले में पुलिस और CISF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में SECL दीपका खदान में डीजल चोरी के मामले में पुलिस और CISF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 200 लीटर चोरी का डीजल और वारदात में इस्तेमाल कैंपर वाहन क्रमांक CG 04 OD 1798 जब्त किया गया है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 2 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि दीपका खदान क्षेत्र में एक कैंपर के डाले में डीजल से भरा ड्रम रखा है और कुछ लोग उसे बेचने की तैयारी में हैं।सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस किशन कुमार निर्मलकर के मार्गदर्शन में दीपका थाने के प्रधान आरक्षक अंकित कुमार पांडेय, धर्मेंद्र जगत और जयराम तथा CISF की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी।कैंपर में चार लोग सवार मिले। पुलिस को देखते ही दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जबकि दो को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

कैंपर में ड्रम भरकर रखा था 200 लीटर डीजल

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुधमान बिंझवार (32), निवासी दादरपारा, थाना कुसमुंडा और नवधा पटेल (28), निवासी चेतमा, थाना पाली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे निजी कंपनी में काम करने वाले इंजीनियर नवीन साहू और वेल्डर चुनामणी कश्यप के साथ मिलकर डीजल चोरी कर रहे थे।

आरोपियों ने बताया कि एलके-1 क्षेत्र में खड़े डोजर क्रमांक 905 के डीजल टैंक से पाइप के जरिए करीब 200 लीटर डीजल निकाला और उसे टीन के ड्रम में भर दिया। इसके बाद ड्रम को डोजर सेक्शन में छिपाकर रखा गया था। आरोप है कि बाद में इसे ट्रक चालकों को बेचने की तैयारी थी।

2 आरोपी गिरफ्तार, 2 की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का 200 लीटर डीजल और कैंपर वाहन जब्त किया है। मामले में थाना दीपका में BNS की धारा 303(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।फरार आरोपियों नवीन साहू और चुनामणी कश्यप की तलाश में पुलिस जुटी है।

दीपका-गेवरा में डीजल चोरी की शिकायतें

बताया जा रहा है कि SECL दीपका और गेवरा खदान क्षेत्र में डीजल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। संयुक्त कार्रवाई के बाद खदान क्षेत्रों में डीजल चोरी पर अंकुश लगाने की उम्मीद जताई जा रही है।