युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर।
गोहरापदर से उरमाल होते हुए देवभोग तक जाने वाली दो लेन की पक्की सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर कई स्थानों पर डेढ़ से दो फीट तक गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों के कारण दोपहिया एवं छोटे वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन वाहन चालक असंतुलित होकर गिर रहे हैं, जिससे कई लोग घायल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल मुरूम डालकर खानापूर्ति की जाती है। बारिश होते ही मुरूम बह जाता है और सड़क फिर से पहले जैसी खराब स्थिति में पहुंच जाती है। लंबे समय से सड़क की स्थायी मरम्मत नहीं होने के कारण लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। साथ ही यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। खराब सड़क के कारण यात्रियों को समय के साथ-साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा गड्ढों को भरकर आवागमन सुगम बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।