कोरबा में शराब के नशे में ऑटो चलाने और सवारियों से गाली-गलौज करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesकोरबा में शराब के नशे में ऑटो चलाने और सवारियों से गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। ऑटो ड्राइवर रेलवे स्टेशन से सवारियां बैठाकर निकला था। रास्ते में उसने गाली-गलौज शुरू कर दी।

सवारियों ने विरोध किया तो ड्राइवर और उसके दोस्त ने उनसे बदतमीजी की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, ऑटो ड्राइवर अपना नाम राजा साहू और वो सीतामढ़ी का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था। दोपहर करीब डेढ़ बजे वह इतवारी एक्सप्रेस से आए यात्रियों को लेकर रेलवे स्टेशन से निकला था। ऑटो में उसका एक दोस्त भी बैठा था, जो नशे में था और सवारियों से बहस कर रहा था।

रास्ते में ड्राइवर सवारियों से गाली-गलौज करता रहा। स्टेशन से बैठी सवारियां अलग-अलग जगहों पर उतर गईं। इसी दौरान शारदा विहार फाटक के पास एक सवारी से उसका विवाद हो गया। सवारी ने जब ड्राइवर की हरकतों का विरोध किया तो ड्राइवर और उसका दोस्त बदतमीजी करने लगे। इस दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर इतनी नशे की हालत में था कि कभी भी हादसा हो सकता था। चलती गाड़ी में इस तरह की हरकत से यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती थी। घटना के दौरान सवारियां भी परेशान और डरी हुई थीं।

बताया जा रहा है कि सवारियों को उतारने के बाद ड्राइवर ऑटो लेकर वापस स्टेशन की ओर चला गया। लोगों ने पुलिस और परिवहन विभाग से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वाले ड्राइवर के खिलाफ कार्रवाई की जाए। साथ ही रेलवे स्टेशन के आसपास चलने वाले ऑटो चालकों की भी जांच हो, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।