राजनांदगांव के सोमनी पुलिस ने ग्राम मनगटा स्थित मिराईकल रिसॉर्ट के तीन कॉटेज से हुई चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कॉटेज से एसी, फ्रिज, गीजर समेत कई सामान चोरी किए थे। पुलिस ने चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई कार भी जब्त कर ली है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।पुलिस के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम 3 बजे से 3 अक्टूबर की शाम 4 बजे के बीच रिसॉर्ट के कॉटेज नंबर 136, 129 और 131 में चोरी हुई थी। चोर वहां से 5 एसी, 2 फ्रिज, एक साउंड बॉक्स, 4 गीजर, 3 नल और एक गैस सिलेंडर ले गए थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब 78 हजार 900 रुपए बताई गई है। शिकायत मिलने पर सोमनी थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने विशेष टीम बनाई थी। घटनास्थल के आसपास की जानकारी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने युवराज खुटेल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, उसने अपने साथी मोहित लोहार, रितिक वर्मा और दो नाबालिगों के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।
सामान और कार जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 5 एसी, 2 फ्रिज, 4 गीजर, 2 नल और चोरी में इस्तेमाल की गई कार (CG 04 MA 5814) जब्त की है। जब्त सामान और कार की कुल कीमत करीब 2 लाख 58 हजार 900 रुपए बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।
सोमनी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर, दुकान, रिसॉर्ट और फार्म हाउस में सीसीटीवी कैमरे चालू रखें और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।