जांजगीर-चांपा। जिले में नवरात्रि पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के बीच चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू, लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार बरामद किए हैं।
चारों आरोपी ब्रेजा कार क्रमांक CG 04 NH 7770 में सवार थे। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मुखबिर की सूचना पर बरपाली चौक के पास घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, बरपाली चौक के पास कुछ संदिग्धों के हथियार दिखाकर राहगीरों को डराने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश शेण्डे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ब्रेजा कार को रोका और उसमें सवार चार लोगों को पकड़ा।
कार से चाकू, रॉड और पेचकस बरामद
वाहन की तलाशी के दौरान पुलिस को दो बड़े धारदार चाकू, कार के अंदर छिपाकर रखी लोहे की रॉड, बड़ा पेचकस, जूट का बोरा और तार मिला। पुलिस को आशंका है कि आरोपी चोरी या नकबजनी की तैयारी में थे। हालांकि, इस आशंका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
बिलासपुर जिले के रहने वाले हैं चारों आरोपी
- लिहास अली (24)
- मुकेश यादव (30)
- शबान (26)
- साबीर खान (24)
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी सहित अन्य अपराध दर्ज होने की जानकारी मिली है।
BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
चांपा थाना में अपराध क्रमांक 553/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।