मुंगेली जिले के लीलापुर गांव में निर्माणाधीन हाई स्कूल भवन से सरिया चोरी के मामले में डिंडौरी चौकी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 20 बंडल सरिया और चोरी में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 3 लाख 44 हजार 435 रुपए है।
आर.जे. कंस्ट्रक्शन की ओर से लीलापुर गांव में हाई स्कूल भवन बनाया जा रहा है। भवन के सामने रखे अग्रोहा कंपनी के 10 एमएम के 20 बंडल सरिया 9 और 10 अक्टूबर 2026 की रात चोरी हो गए थे। विवेक सिंह की रिपोर्ट पर चिल्फी थाने में केस दर्ज किया गया था।
मुखबिर और तकनीकी मदद से पकड़े गए आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि सरिया ट्रैक्टर से ले जाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी मदद के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। पुलिस ने रवि कुमार धुर्वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने चार साथियों के साथ चोरी करना कबूल किया। इसके बाद पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
सरिया और ट्रैक्टर जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 84 हजार 435 रुपए कीमत के 20 बंडल सरिया बरामद किए। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल 2 लाख 60 हजार रुपए कीमत का स्वराज 735 ट्रैक्टर (CG 09 JS 4880) भी जब्त किया गया।
ये पांच आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार धुर्वे (27), शुभम सिंह धुर्वे (25), जय कुमार पोर्ते (27) और राहुल सिंह धुर्वे (24) शामिल हैं। चारों कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के खैरडोंगरी के निवासी हैं। वहीं, वीरेंद्र कुमार मरकाम (22) कबीरधाम जिले के पंडरिया थाना क्षेत्र के मदनपुर का रहने वाला है।