सूरजपुर जिले में नगर सीमा से लगे ग्राम चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल में काम करने वाले करीब 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला

Chhattisgarh Crimesसूरजपुर जिले में नगर सीमा से लगे ग्राम चंद्रपुर स्थित आदित्य होटल में काम करने वाले करीब 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान सागरपुर निवासी गोलू, पिता छत्तर के रूप में बताई जा रही है।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। युवक का शव मिलने की जानकारी के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, गोलू आदित्य होटल में काम करता था। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे होटल के एक कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद होटल संचालक और कर्मचारियों ने शव को नीचे उतार दिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक शव नीचे उतारा जा चुका था।

जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजन

घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिजन भी होटल पहुंच गए। युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में शोक का माहौल है। घटना की जानकारी फैलने के बाद होटल परिसर और आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी।

पुलिस होटल में मौजूद लोगों से जुटा रही जानकारी

युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस घटना के समय होटल में मौजूद लोगों से जानकारी जुटाने के साथ अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।