अंबिकापुर में एप्पल प्रोडक्ट्स के डिस्ट्रीब्यूटर और रीटेल डीलर से 22 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई

Chhattisgarh Crimesअंबिकापुर में एप्पल प्रोडक्ट्स के डिस्ट्रीब्यूटर और रीटेल डीलर से 22 लाख रुपए से अधिक की ठगी की गई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि, दो युवकों और एक युवती ने खुद को बड़ा खरीदार बताकर उससे एप्पल के 9 महंगे मोबाइल उधार में लिए।

इसके अलावा कार्ड स्वाइप कराकर लाखों रुपए भी ले लिए। पैसे वापस नहीं मिलने पर कारोबारी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, बौरीपारा निवासी आदित्य हर्षवर्धन गुप्ता ने शिकायत में बताया कि, सितंबर 2025 में एक परिचित के माध्यम से उसका परिचय नमनाकला निवासी आयुष सिंह से हुआ था। आयुष ने खुद को बड़े स्तर का खरीदार बताते हुए एप्पल के उत्पाद बड़ी मात्रा में खरीदने का प्रस्ताव दिया। उसने भरोसा दिलाने के लिए संजय सिंह और मोनिका मलिक से भी मुलाकात कराई।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 12 अक्टूबर से 6 दिसंबर 2025 के बीच आयुष सिंह को आईफोन 16 प्लस, आईफोन 17 और आईफोन 17 प्रो मॉडल के कुल 9 मोबाइल उधार में दिए गए। इनकी कीमत 8 लाख 80 हजार रुपए से अधिक बताई गई है।

आरोप है कि, दिसंबर 2025 के पहले सप्ताह में आयुष ने कान्हा मोबाइल के माध्यम से व्यापारिक भुगतान के लिए रखी 11 लाख 50 हजार रुपए की कैश राशि बिना अनुमति किस्तों में कार्ड स्वाइप कराकर ले ली। इसके बाद 23 दिसंबर को कार्ड से 1 लाख 70 हजार रुपए और 24 दिसंबर को 80 हजार रुपए लेने का भी आरोप है।

ब्याज समेत पैसे लौटाने का दिया था आश्वासन

शिकायतकर्ता ने बताया कि, रकम वापस मांगने पर तीनों आरोपियों ने संयुक्त रूप से लिखित आश्वासन दिया था कि वे मूलधन के साथ ब्याज भी लौटाएंगे। हालांकि, बाद में रकम मांगने पर कथित तौर पर धमकी दी गई और झूठे मामले में फंसाने की चेतावनी दी गई।

3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर आयुष सिंह, संजय सिंह और मोनिका मलिक निवासी नमनाकला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316, 61(2) और 351 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।