बिलासपुर में शादी समारोह में साली के चरित्र पर जीजा ने सार्वजनिक रूप से लांछन लगाकर हंगामा किया और विवाद खड़ा कर दिया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर में शादी समारोह में साली के चरित्र पर जीजा ने सार्वजनिक रूप से लांछन लगाकर हंगामा किया और विवाद खड़ा कर दिया। जिससे क्षुब्ध होकर युवती ने खुद को आग लगा ली। बुरी तरह से झुलसी युवती ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने युवती के मरने से पहले बयान, गवाहों के बयान और जांच के आधार पर आरोपी जीजा के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है। मामला मस्तूरी थाना के मल्हार चौकी का है।

दरअसल, पचपेड़ी क्षेत्र के भगवान पाली निवासी गीता राय (28) 15 अप्रैल को मुंगेली जिले के ग्राम बरछा में अपने मामा घर में एक शादी समारोह में शामिल होने गई थी। इसी दौरान टिकारी निवासी उसके जीजा विनेत जोगी ने सतीश राय के सामने गीता के चरित्र को लेकर अपशब्द कहे। उसने गाली-गलौज भी की, जिससे विवाद हो गया।

वैवाहिक समारोह में मचाया हंगामा, बेइज्जत होने के बाद उठाया आत्मघाती कदम

जीजा के सार्वजनिक रूप से अपमानित करने और चरित्र पर लांछन लगाने के बाद गीता तनाव में आ गई। इसके बाद घर लौटने पर उसने 18 अप्रैल की रात खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। जिससे गंभीर रूप से झुलसी गीता को इलाज के लिए बिलासपुर और फिर रायपुर के डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मरने से पहले बयान में युवती ने दी जानकारी

अस्पताल से मिली सूचना पर गोलबाजार पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया था। बाद में जांच के लिए केस डायरी मल्हार चौकी भेजी गई। जांच के दौरान पुलिस ने मौत से पहले बायन, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, अस्पताल के बेडहेड टिकट, घटना स्थल निरीक्षण और गवाहों के बयानों का परीक्षण किया।

पुलिस के अनुसार, मरने से पहले बयान में महिला ने शादी समारोह के दौरान जीजा के साथ हुए विवाद और उसके बाद मानसिक तनाव में आत्मघाती कदम उठाने की बात बताई थी। इसी आधार पर पुलिस ने विनेत जोगी के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज किया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।