दुर्ग के लुचकी तालाब इलाके में नाबालिग लड़की की मौत के मामले में फरार आरोपी रविदास मानिकपुरी (22) पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। दुर्ग पुलिस ने 16 अक्टूबर को बताया कि, आरोपी के बारे में जानकारी देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
नाबालिग का शव 26 सितंबर 2026 को कोतवाली थाना क्षेत्र के वार्ड 7 के एक घर में मिला था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है। मृतका की मां ने रविदास पर मारपीट और काम कराकर पैसे न देने का आरोप लगाया था।
उन्होंने बताया कि उनकी बेटी करीब एक साल से रविदास के साथ रह रही थी। मां ने बताया कि घटना से दो दिन पहले बेटी मारपीट से परेशान होकर उनके पास आई थी। 26 सितंबर की शाम रविदास उसे जबरन अपने साथ ले गया था।
मां ने बेटी की मौत के लिए रविदास को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। ये आरोप मां के बयान पर आधारित हैं। मामले में इनकी पुष्टि जांच और साक्ष्यों के आधार पर होनी है।
मौके पर पहुंची थी पुलिस, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
26 सितंबर को वार्ड क्रमांक 7 स्थित घर में नाबालिग लड़की का शव मिलने की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था।
पुलिस मौत की परिस्थितियों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
इन नंबरों पर दे सकते हैं सूचना
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से फरार आरोपी रविदास मानिकपुरी के बारे में जानकारी देने की अपील की है। आरोपी के संबंध में सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष, दुर्ग के मोबाइल नंबर 94791-92099 या थाना दुर्ग के नंबर 94791-92019 पर दी जा सकती है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी में सहायक महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति को घोषित शर्तों के अनुसार 10 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।