बिलासपुर के तिफरा थोक फल-सब्जी मंडी में भाजपा पार्षद बंधु मौर्य और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया

Chhattisgarh Crimesबिलासपुर के तिफरा थोक फल-सब्जी मंडी में भाजपा पार्षद बंधु मौर्य और दूसरे पक्ष के बीच विवाद हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई और गाली-गलौज हुई। पुलिस ने घटनास्थल का सीसीटीवी फुटेज खंगाला है।

बंधु मौर्य की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और बलवा समेत संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। वहीं, दूसरे पक्ष की शिकायत को जांच में रखा गया है। पुलिस पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन के विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है।

तिफरा सब्जी मंडी में विवाद के बाद दोनों पक्ष सिरगिट्टी थाने पहुंचे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की। इसके बाद बंधु मौर्य की शिकायत पर एक पक्ष के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। दूसरे पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।

पुरानी रंजिश और लेनदेन विवाद की जांच

पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। व्यापारिक लेनदेन और पुरानी रंजिश को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। कुछ दिन पहले बंधु मौर्य पर हत्या के प्रयास की घटना भी सामने आई थी। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की संभावना सहित अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

दोनों पक्षों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। एक पक्ष की शिकायत पर FIR दर्ज की गई है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।