जीपीएम में तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल बाइक सवार ललित यादव की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कोरबा जिले के पाली का निवासी था।
घटना पेंड्रा थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, हादसा भाड़ी गांव के पास हुआ। बुलेट की रफ्तार तेज होने के कारण चालक का नियंत्रण छूट गया और बाइक सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मृतक की पहचान ललित यादव के रूप में हुई है। वह कोरबा जिले के पाली का निवासी था। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।