छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा ब्लॉक स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय छर्राटांगर में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 8 क्लस्टरों के करीब 515 बालक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें बलरामपुर, बस्तर, धमतरी, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़, कांकेर, सरगुजा और सुकमा क्लस्टर के खिलाड़ी शामिल हैं। विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं।
अंडर-14 बालक एकल टेबल टेनिस स्पर्धा में रायगढ़ के सागर ध्रुव ने स्वर्ण पदक जीता। फाइनल में उन्होंने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विनायक पैंकरा को 3-0 से हराया। सागर ने पहला सेट 15-13, दूसरा 11-9 और तीसरा 11-7 से जीता। विनायक दूसरे और सरगुजा के रूपेश कुमार तीसरे स्थान पर रहे।
शॉट पुट में शिवम सिरसो और सुरेंद्र बने विजेता
अंडर-19 बालक शॉट पुट में धरमजयगढ़ के शिवम सिरसो ने 9.99 मीटर गोला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वाड्रफनगर के बलदेव सिंह 9.72 मीटर के साथ दूसरे और धमतरी के भावेश 8.85 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालक शॉट पुट में कांकेर क्लस्टर के सुरेंद्र कोला ने 11.53 मीटर गोला फेंककर स्वर्ण पदक जीता। सुकमा के रेनूराम दूसरे और धमतरी के जीव्रा खान तीसरे स्थान पर रहे।
खो-खो के फाइनल में कांकेर ने धमतरी को हराया
खो-खो प्रतियोगिता में आठ क्लस्टरों की टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला कांकेर और धमतरी क्लस्टर के बीच खेला गया। इसमें कांकेर की टीम ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह, अनुशासन और टीम भावना देखने को मिली।
शतरंज में अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग के विजेता घोषित
अंडर-14 बालक शतरंज में एकलव्य विद्यालय मैनपाट के आकाश टोप्पो ने पहला स्थान हासिल किया। भोरिंग के कुणाल ठाकुर दूसरे और अंतागढ़ के तामेश्वर कोरेटी तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 वर्ग में बलरामपुर के नारद सिंह विजेता बने। अंतागढ़ के साहिल कुमार नरेटी दूसरे और मैनपुर के येसुर्या ध्रुव तीसरे स्थान पर रहे।
पारंपरिक योग में सरगुजा और बलरामपुर के खिलाड़ियों ने जीते पदक
अंडर-19 पारंपरिक योग में सरगुजा के प्रियांजल एक्का ने स्वर्ण, बलरामपुर के प्रिंस सूर्यवंशी ने रजत और रायगढ़ के दुकेश कुमार ने कांस्य पदक जीता।
अंडर-14 वर्ग में सरगुजा क्लस्टर के लुंड्रा के अभय मिंज पहले, कांकेर क्लस्टर के आदित्य कुमार नेताम दूसरे और बलरामपुर क्लस्टर के अविनाश सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
बास्केटबॉल के सेमीफाइनल में चार क्लस्टरों की टीमें
अंडर-19 बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में सात टीमों ने हिस्सा लिया। इनमें कांकेर, बलरामपुर, बस्तर और सुकमा क्लस्टर की टीमों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल के मुकाबले भी जारी
प्रतियोगिता में कबड्डी, वॉलीबॉल और फुटबॉल समेत अन्य खेलों के मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं। तीन दिवसीय आयोजन से जनजातीय विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
विद्यालय के प्राचार्य मनीराम जांगड़े ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो और बास्केटबॉल समेत विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया।