छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश के बीच खेले गए दो मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ हॉकी लीग में बुधवार को बारिश के बीच खेले गए दो मुकाबलों में न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स का मैच 1-1 से ड्रॉ रहा, जबकि बैलाडिला बुल्स ने राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। नाइट्स के केतन और टाइटन्स के मोहित नायक ने गोल किए।

वहीं बुल्स की ओर से राहुल यादव ने निर्णायक गोल दागा। ड्रॉ के बाद मैनपाट टाइटन्स को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए अगले मैच का इंतजार करना होगा। दूसरी ओर बैलाडिला बुल्स ने सेमीफाइनल की उम्मीदें बरकरार रखीं, जबकि राजधानी रॉयल्स टूर्नामेंट से बाहर हो गई।

न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटन्स के बीच पहला मुकाबला डिफेंस के नाम रहा। दोनों टीमों ने शुरुआती मिनटों से ही विरोधी फॉरवर्ड खिलाड़ियों को गोल करने के मौके नहीं दिए। पहले क्वार्टर में दोनों ओर से हमले हुए, लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। बारिश के कारण मैदान गीला होने से खिलाड़ियों को गेंद पर नियंत्रण बनाने में भी परेशानी हुई।

दूसरे क्वार्टर के आखिरी हिस्से में न्यायधानी नाइट्स ने बढ़त हासिल की। केतन ने रिबाउंड पर मिली गेंद को गोलकीपर के पार पहुंचाकर टीम का खाता खोला। यह टूर्नामेंट में उनका छठा गोल रहा। हाफ टाइम तक नाइट्स 1-0 से आगे थी।

तीसरे क्वार्टर में भी नाइट्स का डिफेंस मजबूत रहा। टीम ने मैनपाट के हमलों को रोककर बढ़त बनाए रखी। हालांकि, चौथे क्वार्टर में टाइटन्स ने वापसी के लिए आक्रमण तेज कर दिया और ज्यादा खिलाड़ियों को आगे लगाया। इसका फायदा मिला और मोहित नायक ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। इसके बाद कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी और मुकाबला ड्रॉ रहा।

केतन को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और मोहित नायक को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। मैनपाट टाइटन्स के पास 29 अक्टूबर को संस्कारधानी स्ट्राइकर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले में सेमीफाइनल में जगह पक्की करने का मौका होगा। न्यायधानी नाइट्स पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है।

राहुल यादव के गोल से बैलाडिला बुल्स को पहली जीत

दिन के दूसरे मुकाबले में बैलाडिला बुल्स ने बारिश से प्रभावित मैच में राजधानी रॉयल्स को 1-0 से हराया। करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुए मुकाबले में बुल्स ने शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। सर्कल में मौका मिलते ही राहुल यादव ने जोरदार शॉट लगाया, जो गोल में बदल गया। 60 मिनट के खेल में यही मुकाबले का एकमात्र गोल रहा।

गीले मैदान पर दोनों टीमों को गेंद पर नियंत्रण बनाने और सही पास देने में परेशानी हुई। इसके बावजूद बुल्स ने लगातार हमले किए। गोपाल पैकरा ने भी गोल करने का मौका बनाया, लेकिन अंपायर ने उनके गोल को अमान्य करार दिया। बुल्स को पेनल्टी कॉर्नर के मौके भी मिले, लेकिन वे उन्हें गोल में नहीं बदल सके।

दूसरे हाफ में भी बारिश और सर्कल में भरे पानी ने खेल को प्रभावित किया। राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश की, लेकिन टीम गोल नहीं कर सकी। पेनल्टी कॉर्नर पर भी रॉयल्स का खाता नहीं खुला। आखिरकार राहुल यादव के गोल ने बुल्स को टूर्नामेंट की पहली जीत दिलाई।

इस मुकाबले में राहुल यादव को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और हिमांशु को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। जीत के साथ बैलाडिला बुल्स ने सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद कायम रखी, जबकि राजधानी रॉयल्स का अभियान बिना जीत के समाप्त हो गया।