छत्तीसगढ़ से देश के बड़े शहरों का हवाई सफर अब विदेश यात्रा से भी महंगा पड़ रहा है। त्योहारों और शादी सीजन की वजह से रायपुर से दिल्ली या पुणे जाने के लिए यात्रियों को भारी किराया चुकाना पड़ रहा है। जबकि इससे कम कीमत में दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों की हवाई यात्रा की जा सकती है।
ऑनलाइन ट्रैवल पोर्टल्स पर उपलब्ध ताजा किराया दरों के मुताबिक, 6 नवंबर को रायपुर से दिल्ली का एकतरफा हवाई किराया ₹24,832 तक पहुंच गया है। वहीं, रायपुर से पुणे का किराया ₹23,995 तक है।
इसके मुकाबले हैदराबाद से बैंकॉक का हवाई टिकट ₹13,427 और सिंगापुर का टिकट ₹13,114 से शुरू हो रहा है। इस तरह घरेलू उड़ानों के मुकाबले अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के टिकट करीब 10 हजार रुपए तक सस्ते पड़ रहे हैं।
भारी किराया देने के बाद भी सफर में लग रहे 8 से 22 घंटे
हवाई यात्रियों पर इस समय दोहरी मार पड़ रही है। रायपुर से दिल्ली जाने के लिए इंडिगो की फ्लाइट का किराया ₹24,832 है। इसके बावजूद सफर में 8 घंटे 35 मिनट लग रहे हैं, क्योंकि फ्लाइट अहमदाबाद होकर जा रही है।
वहीं, पुणे जाने के लिए एयर इंडिया की फ्लाइट का किराया ₹23,995 है। इसमें दिल्ली और इंदौर में दो स्टॉपेज हैं। इस वजह से सफर में करीब 9 घंटे लग रहे हैं।
पुणे के लिए ₹18,684 का कम किराया चुनने पर यात्रियों को दिल्ली में 22 घंटे से ज्यादा इंतजार करना पड़ रहा है। यानी कम किराए के विकल्प में भी समय की बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है।