छत्तीसगढ़ में शराब, कोल और DMF घोटालों की जांच के सिलसिले में ED, EOW और ACB की टीमें रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, राजनांदगांव, गरियाबंद और कोरबा में छापेमारी की हैं। कारोबारियों और अन्य लोगों के घरों और दफ्तरों पर कार्रवाई जारी है।
रायपुर में ED की टीम शराब घोटाले के मामले में अनवर ढेबर के घर जांच कर रही है। वहीं, EOW की टीम VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर दस्तावेज खंगाल रही है।
राजनांदगांव में कारोबारी वैभव गोलछा और जय बग्गा के ठिकानों पर भी जांच जारी है। दुर्ग जिले के भिलाई में ट्रांसपोर्टर जितेंद्र सिंह के घर EOW-ACB की टीम कार्रवाई कर रही है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई उनके साले संतोष सिंह के ऑयल और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े मामले में है।
बिलासपुर में कोल कारोबारी शाजिद खान के उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू निवास पर ACB-EOW की टीम जांच कर रही है। गरियाबंद जिले के गोबरा नवापारा और राजिम में कारोबारी विमल पारख और राजा पारख के प्रतिष्ठानों शांति विजय और नवकार ज्वेलर्स के साथ राजा पारख के निवास पर भी कार्रवाई जारी है।वहीं, कोरबा जिले के कटघोरा में DMF घोटाले की जांच के सिलसिले में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर EOW की टीमें दस्तावेजों की जांच और पूछताछ कर रही हैं।
रायपुर में अनवर ढेबर और सुदर्शन शर्मा के घर जांच
रायपुर में EOW की टीम ने शराब कारोबारी अनवर ढेबर के घर छापा मारा। वहीं, VIP स्टेट स्थित रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के घर भी टीम पहुंची है।
यहां दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच की जा रही है। सुदर्शन शर्मा के ठिकाने पर कार्रवाई शराब घोटाले से जुड़ी बताई जा रही है। रायपुर में तीन से चार जगहों पर कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।