कोरबा जिले के कटघोरा में गुरुवार सुबह EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की टीम ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी

Chhattisgarh Crimesकोरबा जिले के कटघोरा में गुरुवार सुबह EOW (आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो) की टीम ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी। टीम ने कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल और नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकानों पर कार्रवाई की है। दोनों जगह दस्तावेजों की जांच और पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, EOW की टीम गुरुवार सुबह कटघोरा पहुंची। सबसे पहले नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के ठिकाने पर दबिश दी गई। टीम ने वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच शुरू की। इसी दौरान दूसरी टीम ने नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी कार्रवाई की।

दोनों ठिकानों पर एक साथ जांच की जा रही है। टीम दस्तावेज खंगालने के साथ पूछताछ भी कर रही है।

DMF घोटाले से जुड़ी कार्रवाई की चर्चा

सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुए चर्चित DMF (डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन) घोटाले से जोड़कर देखा जा रहा है। DMF फंड के कथित दुरुपयोग की लंबे समय से जांच चल रही है।

इस मामले में विकास कार्यों के बजाय दूसरे मदों में फंड खर्च करने के आरोप लगे थे। जांच के दौरान कई अधिकारियों और अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही गई थी। EOW इस मामले में पहले भी कई जगहों पर दबिश दे चुकी है।

कार्रवाई पर आधिकारिक पुष्टि नहीं

फिलहाल दोनों ठिकानों पर EOW की कार्रवाई जारी है। हालांकि, छापेमारी के कारणों और DMF घोटाले से इसके संबंध को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।