कबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में डकैती की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया

Chhattisgarh Crimesकबीरधाम जिले के तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र में डकैती की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा किया है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, वारदात में कुल पांच आरोपी शामिल थे। गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की शाम प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के साथ डकैती की घटना हुई थी। आरोपियों ने मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथ मौजूद व्यक्ति के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद उनके पास रखे सामान और जेवरात लूटकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही तरेगांव जंगल थाने में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत BNS की धारा 309(6), 126(2), 115(2) और 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगाले, 500 लोगों से पूछताछ

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की। घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। विवेचना के दौरान 100 से अधिक फुटेज का बारीकी से अवलोकन किया गया। इसके अलावा आसपास के 24 गांवों के 500 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई।

पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच में घटना में इस्तेमाल संदिग्ध मोटरसाइकिल के आवागमन और उसके रास्ते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी मिली। आरोपियों की पहचान और पतासाजी के लिए तीन पुलिस टीमें मैदानी स्तर पर काम कर रही थीं। वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर टीम सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही थी।

बिरकोना के पास निखिल पकड़ा गया, दो अन्य भी हिरासत में

इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना पंडरिया और अन्य पुलिस टीमों ने संदिग्ध निखिल कुर्रे और संजय भास्कर की तलाश शुरू की। पुलिस टीम को देखकर निखिल कुर्रे मोटरसाइकिल से भागने लगा। पीछा कर पुलिस ने उसे ग्राम बिरकोना के पास पकड़ लिया।

उससे मिली जानकारी के आधार पर संजय भास्कर और सचिन पात्रे को भी अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के मेमोरेंडम कथनों और निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए।

दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे आरोपी, पहले की थी रेकी

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 27 अक्टूबर को सभी पंडरिया स्थित देशी शराब भट्ठी के सामने एकत्र हुए थे। इसके बाद दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों से तरेगांव क्षेत्र की ओर रवाना हुए। आरोपियों ने तरेगांव बाजार में रहकर प्रार्थी की गतिविधियों और उसके आने-जाने पर नजर रखी।

प्रार्थी के मोटरसाइकिल से वहां से निकलने के बाद आरोपियों ने उसका पीछा किया। आगे मछरीरेवार मंदिर घाटी के ठीक पहले उन्होंने मोटरसाइकिल से रास्ता रोककर प्रार्थी और उसके साथी के साथ डंडे से मारपीट की। इसके बाद उनके पास रखे सामान और जेवरात लेकर फरार हो गए।

मुंगेली में जेवर बांटे, अलग-अलग जगह छिपाए

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद वे लूटे गए सामान को लेकर मुंगेली पहुंचे और चौपाटी के पास एकत्र हुए। इसके बाद चांदी के जेवरात बेचने के लिए बिलासपुर जाने की योजना बनाई। आरोपियों ने जेवरात आपस में बांटकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दिए थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से करीब 11.9 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल कुर्रे, संजय भास्कर और सचिन पात्रे के रूप में हुई है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस शेष दो आरोपियों की तलाश में जुटी है।